टोहाना ( फतेहाबाद): टोहाना में युवाओं की रगों में जहर घोलने की कोशिश कर रहे नशा तस्करों की CIA टीम ने कमर तोड़ दी है। लोहाखेड़ा नहर पुल के पास नशीली गोलियों का सौदा करने खड़े एक तस्कर को दबोचने के बाद, पुलिस ने ‘बैक गियर’ डाला और सीधा जींद के सफीदों में बैठे मुख्य सप्लायर के गिरेबान तक जा पहुँची। 1200 प्रतिबंधित गोलियों की बरामदगी के साथ पुलिस ने साफ कर दिया है कि नशे के सौदागर चाहे कहीं भी छिप जाएं, खाकी उन्हें ढूंढ निकालेगी।”
नहर पुल के पास से हुई पहली गिरफ्तारी:
सीआईए टोहाना प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि 13 फरवरी 2026 को पुलिस टीम नरवाना टी-प्वाइंट क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि नारायण दत्त उर्फ नरेंद्र (निवासी गांव काबरछा, जिला जींद) लोहाखेड़ा नहर पुल के पास नशीली गोलियां बेचने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने बिना देरी किए घेराबंदी की और आरोपी नारायण दत्त को मौके पर ही दबोच लिया।
प्रतिबंधित गोलियों की बरामदगी और मुख्य सप्लायर का खुलासा:
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 120 स्ट्रीप (कुल 1200 गोलियां) अल्प्राजोलम बरामद हुईं, जिनका कुल वजन 263 ग्राम है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह माल सफीदों के एक बड़े सप्लायर से लेकर आया था। इसी लीड पर काम करते हुए सीआईए ने दबिश देकर मुख्य सप्लायर दीपक पुत्र दर्शन सिंह (निवासी वार्ड नंबर 04, सफीदों) को भी गिरफ्तार कर लिया।
कानूनी कार्रवाई:
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना शहर टोहाना में मुकदमा नंबर 54, धारा 22C/61/85 NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। बरामद गोलियों की मात्रा ‘कॉमर्शियल’ श्रेणी में आती है, जो आरोपियों के लिए बड़ी मुसीबत साबित होगी। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संपर्कों को खंगाल रही है ताकि नशे की इस सप्लाई चेन को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
सफीदों से टोहाना तक फैला नशे का जाल कटा: सप्लायर दीपक और तस्कर नारायण पुलिस की गिरफ्त में






