फतेहाबाद। कहते हैं पति-पत्नी का रिश्ता सात जन्मों का साथ होता है, लेकिन फतेहाबाद के नाढोड़ी गांव में यह जोड़ी सात जन्मों की जगह ‘काले धंधे’ में साझेदारी निभा रही थी! नशा मुक्त हरियाणा के संकल्प पर काम कर रही हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की फतेहाबाद यूनिट ने एक शातिर महिला नशा तस्कर को रंगे हाथ धर दबोचा। फिल्मी स्टाइल में अपनी हरे रंग की चुनरी के पल्लू में ‘मौत का सामान’ यानी चिट्टा छुपाए घूम रही यह महिला ग्राहकों की तलाश में थी, लेकिन किस्मत देखिए—ग्राहक से पहले खाकी से पाला पड़ गया!
गश्त पर थी पुलिस, मुखबिर ने खोल दी पोल
HSNCB फतेहाबाद यूनिट प्रभारी सब-इंस्पेक्टर तरसेम सिंह के नेतृत्व में एएसआई हेमराज की टीम थाना भूना इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर ने पक्की खबर दी कि गांव नाढोड़ी की गुरमीत पत्नी नानक राय अपने घर से चिट्टे (हेरोइन) का काला कारोबार चलाती है और इस वक्त भी माल डिलीवरी के लिए ग्राहक की फिराक में खड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए नाकेबंदी कर महिला को घेर लिया।
डीएसपी के सामने तलाशी: चुनरी के पल्लू से निकला चिट्टा
नियमों का पालन करते हुए मौके पर राजपत्रित अधिकारी डीएसपी नर सिंह (HPS) को बुलाया गया। महिला पुलिसकर्मी ने जब संदिग्ध महिला की हरे रंग की चुनरी की बारीकी से तलाशी ली, तो होश उड़ गए। चुनरी के पल्लू में एक पारदर्शी मोमी पाउच बड़ी
चालाकी से छुपाया गया था। इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर जब इसका वजन किया गया, तो उसमें कुल 5.71 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
‘अकेली नहीं हूं, पति भी बराबर का हिस्सेदार है!’
खाकी के हत्थे चढ़ते ही महिला का सारा शातिराना मिजाज काफूर हो गया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि इस काले धंधे में वह अकेली नहीं है, बल्कि उसका पति नानक राय पुत्र प्रभु दयाल भी पूरा बराबर का पार्टनर है। दोनों मिलकर इलाके में नशे का जाल फैला रहे थे। पुलिस ने थाना भूना में आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(b) और 29 के तहत FIR दर्ज कर ली है और अब पति की तलाश व नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
HSNCB का तस्करों को दो टूक अल्टीमेटम
अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि नशे के धंधे में शामिल किसी भी पेडलर या सप्लायर को बख्शा नहीं जाएगा।
नशे के खिलाफ सूचना दें (पहचान पूरी तरह गुप्त):
टोल-फ्री नंबर: 1933
HSNCB हेल्पलाइन: 90508-91508
ऑनलाइन पोर्टल: ncbmanas.gov.in
।





