एसपी निकिता खट्टर ने पौधा भेंट कर किया आईजी का स्वागत,
फतेहाबाद। हिसार रेंज के पुलिस महानिरीक्षक कुलदीप सिंह यादव ने फतेहाबाद जिले का दौरा कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की व्यापक समीक्षा की। पुलिस लाइन स्थित एनजीओ मेस में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर (आईपीएस) और एएसपी दिव्यांशी सिंगला (आईपीएस) सहित जिले के सभी डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक से पूर्व अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आईजी का पौधा भेंट कर स्वागत किया। बैठक के दौरान आईजी कुलदीप सिंह यादव ने अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की धरपकड़ और आमजन की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए:
नशा तस्करी पर प्रहार: नशे के अवैध कारोबार में लिप्त अपराधियों पर नकेल कसने और पूरे नेटवर्क की बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज जांच कर सप्लाई चेन को पूरी तरह तोड़ने के निर्देश दिए।
लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण: गंभीर व संगीन अपराधों की जांच में अनावश्यक देरी न करने, साक्ष्यों के आधार पर ठोस कार्रवाई करने और उद्घोषित अपराधियों को जल्द सलाखों के पीछे भेजने पर जोर दिया।
साइबर अपराध व तकनीकी निगरानी: साइबर ठगी की रोकथाम के लिए आधुनिक तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल के साथ-साथ आमजन में जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए।
महिला सुरक्षा व संवेदनशीलता: पुलिसिंग में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता बनाए रखने की हिदायत देते हुए महिला व सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही, जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के आदेश दिए। बैठक में एसपी निकिता खट्टर ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों और लंबित मामलों की वर्तमान स्थिति से आईजी को अवगत कराया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों की धरातल पर शत-प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी।





