टोहाना(फतेहाबाद):अगर सड़क किनारे या सफर के दौरान कोई अनजान व्यक्ति आपसे बेवजह मीठी बातें कर उलझाने की कोशिश करे, तो फौरन सावधान हो जाएं! टोहाना में एक ट्रक चालक के साथ ऐसा ही शातिराना खेल हुआ, जहां बातों-बातों में उसका ध्यान भटकाया गया और पलक झपकते ही स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दे दिया गया। मगर यह गिरोह शायद भूल गया था कि जिले में पुलिस कप्तान निकिता खट्टर (आईपीएस) का सख्त पहरा है। थाना शहर टोहाना पुलिस ने बिजली जैसी तेजी दिखाते हुए चंद घंटों के भीतर घेराबंदी की और वारदात में शामिल 3 शातिर महिलाओं सहित गिरोह के चारों आरोपियों को हवालात पहुंचा दिया।
:बातों में उलझाकर चालक को बनाया शिकार, पीछे से साफ किया हाथ: टोहाना डीएसपी जयभगवान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुए बताया कि गैंग का काम करने का तरीका बेहद शातिराना था। गिरोह की दो महिलाएं ट्रक चालक के पास पहुंचती थीं और जानबूझकर उसे बातचीत में उलझाकर उसका ध्यान पूरी तरह भटका देती थीं। जैसे ही चालक बातों में व्यस्त होता, ठीक उसी वक्त गिरोह के बाकी सदस्य मौका पाकर हाथ की सफाई दिखाते हुए स्नैचिंग कर नौ दो ग्यारह हो जाते थे।
:शिकायत मिलते ही एक्शन में खाकी, चंद घंटों में दबोचा गिरोह:
पीड़ित ट्रक चालक ने जैसे ही थाना शहर टोहाना पहुंचकर आपबीती सुनाई, पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। एसपी निकिता खट्टर के कड़े दिशा-निर्देशों पर थाना शहर टोहाना प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार ने रणनीति तैयार की। उपनिरीक्षक राजमल की अगुवाई में गठित टीम ने बिना समय गंवाए इलाके की नाकाबंदी कर सुराग जुटाए और महज कुछ ही घंटों के भीतर चारों आरोपियों को रंगे हाथों काबू कर लिया।
:सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपियों की पहचान:
पूजा पत्नी अनिल कुमार (निवासी गीता कॉलोनी, टोहाना)
रेखा पत्नी रिंकू (निवासी भूना रोड, आईजी कॉलेज के पास, टोहाना)
रितू पत्नी तेजपाल (निवासी भूना रोड, आईजी कॉलेज के पास, टोहाना)
रवि पुत्र ईश्वर (मूल निवासी गांव कलौदा, हाल निवासी आईजी कॉलेज के पास, टोहाना)
:कानून के लंबे हाथों से बचना नामुमकिन: डीएसपी
डीएसपी जयभगवान ने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि अपराधी चाहे जितनी भी चालाकी दिखा लें या नए पैंतरे अपना लें, कानून के शिकंजे से बच पाना नामुमकिन है। पुलिस अब इन सभी से गहन पूछताछ कर रही है कि इन्होंने इससे पहले कितने अन्य चालकों या राहगीरों को अपने इस जाल में फंसाकर शिकार बनाया है।साथ ही उन्होंने आमजन, खासकर ट्रक व कमर्शियल वाहन चालकों को आगाह किया कि यात्रा के दौरान किसी भी अनजान व्यक्ति के अकारण बातचीत करने या ध्यान भटकाने पर फौरन सतर्क हो जाएं और किसी भी संदिग्ध हरकत की सूचना तुरंत डायल-112 पर दें।
बातों के जाल में फंसाकर लूटने वाली ‘लेडी स्नैचर्स’ का पर्दाफाश: टोहाना पुलिस ने 3 महिलाओं सहित गिरोह के 4 सदस्यों को दबोचा!





