फतेहाबाद: आस्ट्रेलिया जाने की हसरत और मेहनत की कमाई पर डाका! टोहाना के एक युवक को ‘कंगारुओं के देश’ भेजने का हसीन सपना दिखाकर सोनीपत के एक ठग ने उसकी जेब साफ कर दी। 5 लाख रुपये डकारने के बाद जब वीजा की बारी आई, तो आरोपी ‘शेर’ बन गया और जान से मारने की धमकियां देने लगा। लेकिन उसे शायद यह नहीं पता था कि फतेहाबाद की इकोनॉमिक सेल की नजर उस पर टिक चुकी है। पुलिस ने न केवल ठग का कॉलर पकड़ा, बल्कि उसका पूरा फर्जीवाड़ा भी बेनकाब कर दिया!”
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन (IPS) के कुशल नेतृत्व में इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद ने विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने आस्ट्रेलिया का वर्क वीजा दिलाने के नाम पर एक युवक से मोटी रकम ठगी थी।
:आस्ट्रेलिया के नाम पर 5 लाख का चूना:
इकोनॉमिक सेल प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि गांव बलियावाला निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, सोनीपत की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी पीयूष गुप्ता पुत्र चेतन गुप्ता ने उसे आस्ट्रेलिया भेजने का झांसा दिया था। आरोपी ने कुल 15 लाख रुपये का खर्चा बताया और किश्तों में सुनील से 5 लाख 7 हजार रुपये हड़प लिए।
:धमकी देना पड़ा महंगा:
हैरानी की बात यह है कि पैसे लेने के बाद आरोपी ने न तो वीजा लगवाया और न ही पैसे वापस किए। जब पीड़ित ने अपने पैसे मांगे, तो आरोपी ने फोन पर गाली-गलौच शुरू कर दी और उसे झूठे केस में फंसाने व जान से मारने की धमकी तक दे डाली।
:पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी:
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सदर टोहाना में अभियोग संख्या 245 (08.12.2025) के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। इकोनॉमिक सेल की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी पीयूष गुप्ता को काबू कर लिया।
पुलिस की अपील:
फतेहाबाद पुलिस ने एक बार फिर आमजन से अपील की है कि विदेश भेजने के नाम पर किसी भी एजेंट को पैसा देने से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच जरूर करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
कबूतरबाज पीयूष गुप्ता का खेल खत्म: 5 लाख डकारे, फिर दी जान से मारने की धमकी, अब खाएगा जेल की हवा!






