फतेहाबाद। जिले की सड़कों पर चल रहे हाई-प्रोफाइल नशे के काले कारोबार पर सीआईए टोहाना पुलिस ने सर्जिकल स्ट्राइक की है। लग्जरी हुंडई ऑरा कार, दिल्ली से लाई गई 58 लाख रुपये की शुद्ध कोकीन और सर्विस रोड पर ग्राहकों का इंतजार—तस्करों का यह पूरा खेल उस वक्त धड़ाम हो गया, जब सीआईए की टीम ने अचानक धावा बोलकर दो रईसजादों और उनकी एक महिला साथी को रंगे हाथों दबोच लिया।
दिल्ली की ‘नैना’ और हिसार के दो साथियों का हाई-प्रोफाइल नेटवर्क बेनकाब
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सोनू कुमार (निवासी खानक, भिवानी हाल मॉडल टाउन हिसार), रविन्द्र शर्मा (निवासी नलवा, हिसार) और नीशा उर्फ नैना (मूल निवासी मोती नगर, नई दिल्ली, हाल आईटीआई चौक हिसार) के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच के मुताबिक, यह तिकड़ी दिल्ली के तस्करों से कोकीन की बड़ी खेप उठाकर हरियाणा के युवाओं और रईस शौकीनों को महंगे दामों पर खपाने का बड़ा नेटवर्क चला रही थी।
फिल्मी स्टाइल चेस: भागने का पूरा प्लान था, लेकिन पुलिस निकली दो कदम आगे
एएसपी दिव्यांशी सिंगला (IPS) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सीआईए टोहाना प्रभारी अजय कुमार के नेतृत्व में एएसआई जतिन्द्र सिंह की टीम 11 सितंबर को नया बस अड्डा क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्तचर से पक्की खबर मिली कि भूना रोड फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड पर एक ऑरा कार खड़ी है, जिसमें दो युवक और एक युवती भारी मात्रा में कोकीन लेकर ग्राहकों की राह देख रहे हैं। खबर मिलते ही सीआईए ने जाल बिछाया। जैसे ही पुलिस की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, कार चालक ने पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में गाड़ी भगाने की कोशिश की। मगर मुस्तैद जवानों ने गजब की तत्परता दिखाते हुए अपनी गाड़ी सीधे तस्करों की कार के आगे अड़ा दी और तीनों को हिलने तक का मौका नहीं दिया। तलाशी लेने पर कार के भीतर से 114.19 ग्राम असली कोकीन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 58 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने नशे के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही नई चमचमाती कार को भी जब्त कर लिया।
एनडीपीएस की धारा 21C के तहत एफआईआर दर्ज, रिमांड में खुलेंगे सिंडिकेट के आकाओं के नाम
थाना शहर फतेहाबाद में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21C, 61, 85 के तहत एफआईआर नंबर 401 दर्ज कर ली गई है।एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने साफ चेतावनी दी कि एसपी निकिता खट्टर (IPS) के नेतृत्व में जिला पुलिस का अभियान सिर्फ मोहरों को पकड़ने तक सीमित नहीं है। अब पुलिस रिमांड के दौरान यह राज उगलाएगी कि दिल्ली में बैठा इस सिंडिकेट का मास्टरमाइंड कौन है और फतेहाबाद-हिसार में यह नशा किन-किन सफेदपोशों और युवाओं तक पहुंचाया जाना था।
हुस्न, लग्जरी कार और 58 लाख का सफेद जहर: CIA टोहाना ने भूना फ्लाईओवर पर दबोची दिल्ली की ‘कोकीन क्वीन’ और दो शौकीन





