Thursday, October 15, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

Related Posts

एसपी निकिता खट्टर की अनूठी पहल: अब हर वीरवार टोहाना में ही होगा समस्याओं का निपटारा, मुख्यालय के चक्करों से मिली राहत

– टोहाना में जनसुनवाई के दौरान 35 नागरिक पहुंचे, 7 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
टोहाना।आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और पुलिस-जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से फतेहाबाद पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) निकिता खट्टर की विशेष जनसुनवाई पहल निरंतर असर दिखा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को थाना सदर टोहाना स्थित पुराने डीएसपी कार्यालय में एसपी ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व निष्पक्ष कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए।
35 नागरिक पहुंचे, 7 शिकायतों पर तुरंत संज्ञान
जनसुनवाई में टोहाना और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लगभग 35 नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इस दौरान कुल 7 लिखित शिकायतें प्राप्त हुईं। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी की बात को धैर्य और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने मौके पर मौजूद थाना प्रभारियों और जांच अधिकारियों को दो-टूक कहा कि मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और की गई कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ता को भी अनिवार्य रूप से दी जाए।
जनसुनवाई का शेड्यूल बदला: अब हर वीरवार दोपहर 12 से 2 बजे तक
पहले यह जनसुनवाई प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित की जाती थी, जिसे अब बदलकर प्रत्येक वीरवार (गुरुवार) दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक कर दिया गया है।
बड़ी राहत: इस व्यवस्था से टोहाना और नजदीकी गांवों के लोगों को अपनी छोटी-बड़ी शिकायतों के समाधान के लिए जिला मुख्यालय (फतेहाबाद) के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लोग अपने ही क्षेत्र में सीधे जिले के सर्वोच्च पुलिस अधिकारी के समक्ष अपनी बात रख सकेंगे।
संवेदनशील और जवाबदेह पुलिसिंग ही प्राथमिकता”
एसपी निकिता खट्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि थाने या जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक नागरिक से सम्मानजनक व मैत्रीपूर्ण व्यवहार किया जाए। पुलिस का काम सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि संकट के समय आमजन का सबसे भरोसेमंद सहारा बनना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपनी जायज शिकायतों के समाधान के लिए निर्धारित समय पर इस विशेष जनसुनवाई का लाभ उठाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles