Monday, September 14, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

Related Posts

नैना’ ठग लेंगी… ये दिल्ली वाले नाइजीरियन भाई को पता न था! 58 लाख की कोकीन के चक्कर में रोहतक के यार संग सीआईए के फंदे में फंसा नाईजीरियन सप्लायर

फतेहाबाद/टोहाना: कहते हैं गलत धंधे में इंसान को लगता है कि उसकी होशियारी कभी पकड़ी नहीं जाएगी, लेकिन यहाँ तो ‘नैना’ के चक्कर में दिल्ली में बैठा अकेला नाइजीरियन सप्लायर और रोहतक का उसका जिगरी यार दोनों सीधे सीआईए के फंदे में आ लटके! लग्जरी ऑरा कार, दिल्ली-हिसार के बीच रईसी के ठाठ और डिग्गी में छुपा 58 लाख रुपये का शुद्ध ‘व्हाइट पाउडर’—टोहाना सीआईए पुलिस ने कोकीन नेटवर्क की ऐसी हवा निकाली है कि पूरी कहानी किसी ब्लॉकबस्टर क्राइम-कॉमेडी फिल्म जैसी लगने लगी है।
:भूना फ्लाईओवर पर ‘मैडम’ का जलवा, पुलिस ने उतारा बुखार:
सीन शुरू हुआ 11 सितंबर को। सीआईए टोहाना इंचार्ज अजय के टीम के मुखबिरों से पता चला कि एक सफेद हुंडई ऑरा कार में लाखों का ‘सफेद माल’ ठिकाने लगाने के लिए निकल चुका है। पुलिस ने भूना रोड फ्लाईओवर के पास ऐसी नाकाबंदी लगाई कि परिंदा भी पर न मार सके। शीशा नीचे करवाया तो अंदर का नजारा ही अनोखा था—भिवानी का सोनू और हिसार का रविन्द्र तो कार दौड़ा रहे थे, जबकि असली टशन में दिल्ली के मोती नगर वाली नीशा उर्फ ‘नैना’ मैडम बैठी थीं। पुलिस ने जैसे ही डिग्गी खुलवाई, अंदर से निकला 114.19 ग्राम शुद्ध कोकीन का पैकेट! बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 58 लाख रुपये निकली। बस फिर क्या था, मैडम का सारा टशन धरा का धरा रह गया और तीनों की सीधी रवानगी थाना शहर फतेहाबाद के लॉकअप में हो गई।
:नैना’ के फोन ने उगला राज, दिल्ली से नाइजीरियन भाई का कटा थाने का टिकट:
कार सवार तिकड़ी को लगा था कि अकेले वही जेल की हवा खाएंगे, लेकिन सीआईए की साइबर टीम ने जब ‘नैना’ का फोन खंगाला, तो चैट और कॉल रिकॉर्ड्स में सप्लाई का असली खेल सामने आ गया। पता चला कि इस खेप के पीछे दिल्ली में बैठा नाइजीरियन सप्लायर और रोहतक का युवक है। पुलिस ने तुरंत कड़ियां जोड़ीं और 13 सितंबर को ऐसी रेड मारी कि दिल्ली में रह रहे अकेले विदेशी सप्लायर रिच्ड डेसमेंट (नाइजीरियन नागरिक) और रोहतक के खरकड़ा निवासी उसके साथी मंदीप को दबोच लिया। रिच्ड भाई दिल्ली में बैठकर सोच रहे थे कि हरियाणा में उनका माल आराम से खप रहा है, लेकिन उन्हें क्या पता था कि ‘नैना’ की गिरफ्तारी उनके लिए सीधे फतेहाबाद थाने का पक्का न्योता बन जाएगी!
:अब हवालात में कट रही रातें, उड़ गए सबके तोते:
इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद अब तक कुल 5 शातिर सलाखों के पीछे आराम फरमा रहे हैं। पुलिस अब दिल्ली वाले नाइजीरियन नागरिक और रोहतक के मंदीप से बड़े कायदे से पूछताछ कर रही है कि यह 58 लाख का माल किस सोर्स से मिला था, इसे किन-किन शहरों तक पहुंचाना था और पैसों का लेन-देन किन खातों से हो रहा था। एसपी निकिता खट्टर का दो टूक संदेश है—तस्कर चाहे रोहतक का हो या दिल्ली में बैठा नाइजीरियन, कानून का फंदा जब पड़ता है तो सबका टशन एक ही झटके में काफूर हो जाता है!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles