सिंघम’ स्टाइल में सीआईए रतिया की दूसरी सर्जिकल स्ट्राइक, 3 किलो 700 ग्राम गांजे की खेप जब्त
रतिया (फतेहाबाद)। रतिया में नशा तस्कर चाहे कितने भी शातिर हथकंडे अपना लें, लेकिन सीआईए रतिया के तेज-तर्रार इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर प्रदीप और उनकी टीम के आगे उनकी एक नहीं चलने वाली। इलाके में नशे का जाल बिछाने वालों की नींद उड़ाते हुए सीआईए रतिया ने लगातार दूसरी बार ऐसा ‘तगड़ा पंच’ जड़ा है कि तस्करों के पसीने छूट गए हैं। रामनगर कॉलोनी में प्लास्टिक के कट्टे में 3 किलो 700 ग्राम गांजा छिपाकर इतराते हुए घूम रहे एक तस्कर को सीआईए की टीम ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर दबोच लिया। मामले का खुलासा खुद डीएसपी रतिया कुलवंत सिंह ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया और इंचार्ज प्रदीप की अगुवाई वाली टीम की मुस्तैदी का जमकर डंका बजाया।
:इंचार्ज प्रदीप की सटीक फील्डिंग, यू-टर्न लेते ही तस्कर के मंसूबों पर फिरा पानी:
एसपी निकिता खट्टर (IPS) के नशा मुक्त अभियान के तहत सीआईए इंचार्ज प्रदीप की रणनीति रतिया में तस्करों पर काल बनकर टूट रही है। इंचार्ज प्रदीप के कुशल नेतृत्व में एएसआई रामकुमार और उनकी टीम रामनगर कॉलोनी क्षेत्र में गश्त पर थी। टीम की नजरें हर आने-जाने वाले को बारीकी से स्कैन कर रही थीं कि तभी सामने से हाथ में प्लास्टिक का कट्टा लटकाए एक शख्स आता दिखा। जैसे ही उसने पुलिस की गाड़ी और वर्दी देखी, उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।वह अचानक उल्टे पांव मुड़कर भागने ही लगा था कि इंचार्ज प्रदीप की टीम ने चीते जैसी फुर्ती दिखाई और चंद कदमों की दूरी पर ही उसे दबोच लिया। जब कट्टे की तलाशी ली गई तो पुलिस वाले भी चौंक गए—कट्टे के अंदर 3 किलो 700 ग्राम गांजा भरा हुआ था। पकड़े गए आरोपी की पहचान बोस्ती निवासी रामकुमार के रूप में हुई।
:डीएसपी ने की इंचार्ज प्रदीप की तारीफ, बोले– ‘पूरे नेटवर्क की जड़ें खोदेंगे’:
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी कुलवंत सिंह ने सीआईए रतिया के इंचार्ज प्रदीप और उनकी पूरी टीम की पीठ थपथपाते हुए कहा कि बैक-टू-बैक दो बड़ी कार्रवाइयां यह साबित करती हैं कि सीआईए की फील्डिंग कितनी मजबूत है। उन्होंने साफ कहा कि रतिया पुलिस सिर्फ नशा बरामद करके चुप बैठने वाली नहीं है, बल्कि यह गांजा किस ‘बड़े मगरमच्छ’ ने भेजा था और कहां खपाया जाना था, सीआईए इंचार्ज प्रदीप की अगुवाई में उस पूरे सिंडिकेट का कच्चा-चिट्ठा खोला जा रहा है।
आरोपी के खिलाफ थाना शहर रतिया में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। सीआईए रतिया की इस ताबड़तोड़ दूसरी कार्रवाई के बाद इलाके के नशा माफिया में पूरी तरह खलबली मची हुई है।
सीआईए रतिया इंचार्ज प्रदीप की ‘तीसरी आंख’ से नहीं बच पाया गांजा तस्कर: CIA रतिया का बैक-टू-बैक दूसरा जोरदार धमाका, कट्टे समेत आरोपी काबू!





