फतेहाबाद: जिले की एसपी निकिता खट्टर की टीम ने शहर के एसबीआई रोड स्थित नामी ‘विशाल ज्वैल्स’ में हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात का पर्दाफाश कर दिया है। जिन चेहरों पर कभी दुकान मालिक आंख मूंदकर भरोसा करता था, वही शातिर आस्तीन के सांप निकले और मालिक को सवा किलो सोने व 5 किलो चांदी की भारी चपत लगा दी। पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए इस मामले में लिप्त दो पूर्व कर्मचारियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
:स्टॉक खंगाला तो पैरों तले खिसकी जमीन:
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस चौकी बस अड्डा फतेहाबाद प्रभारी उप-निरीक्षक रामफल ने बताया कि अनाज मंडी (एसबीआई रोड) निवासी साहिल (विशाल ज्वैल्स के संचालक) ने पुलिस को औपचारिक शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उन्होंने दुकान व घर में रखे माल के स्टॉक का मिलान किया, तो भारी हेराफेरी सामने आई। हिसाब जांचने पर करीब 1 किलो 250 ग्राम सोना और 5 किलो चांदी स्टॉक से नदारद मिली।
::धीरे-धीरे पार किए जेवरात, अलग-अलग ठिकानों पर खपाए::
पीड़ित संचालक ने अपनी दुकान में पहले काम कर चुके कर्मचारियों पर ही सीधे तौर पर शक जताया था। आरोप है कि आरोपियों ने नौकरी के दौरान मालिक के भरोसे का नाजायज फायदा उठाया और धीरे-धीरे भारी मात्रा में सोने-चांदी के गहने पार कर दिए। इसके बाद चोरी किए गए कीमती जेवरातों को अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगा दिया गया।
:BNS की धारा 306 के तहत केस दर्ज, दोनों आरोपी काबू::
शिकायत मिलते ही थाना शहर फतेहाबाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए 1 अक्टूबर 2026 को मुकदमा नंबर 429, धारा 306 बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान तकनीकी व गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों नामजद आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विनित कुमार पुत्र प्रहलाद सिंह (निवासी स्ट्रीट नंबर 7, वार्ड नंबर 13, शिव नगर, हिसार) व नवीन पुत्र सुभाष चन्द्र (निवासी वार्ड नंबर 13, काठ मण्डी, फतेहाबाद) के रूप में हुई है।
कोर्ट में पेशी और रिमांड की तैयारी
चौकी प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी ताकि चोरी किए गए सोने-चांदी की बरामदगी की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि इस खेल में उनके साथ और कौन-कौन से खरीदार या मददगार शामिल थे। पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।
भरोसेमंद चेहरे, शातिर इरादे: विशाल ज्वैलर्स से करोड़ों का सोना-चांदी डकारने वाले 2 पूर्व मुलाजिम हवालात में बंद! एसपी निकिता खट्टर की टीम को मिली बड़ी कामयाबी





