रतिया (फतेहाबाद):खुद को शातिर समझकर नशे की बड़ी खेप खपाने निकले तस्कर के मंसूबों पर सीआईए रतिया ने ऐसा पानी फेरा कि अब वह सलाखों के पीछे अपनी किस्मत को कोस रहा है। हाथ में अवैध लोडेड बंदूक और प्लास्टिक के कट्टे में करीब 14 लाख रुपये का गांजा लेकर जा रहे पालसर गांव के अमरजीत उर्फ भगत को पुलिस ने रतिया-लाली रोड पर बड़ी नहर के पास फिल्मी अंदाज में दबोच लिया।
:नहर पार करने की फिराक में था, पहले ही घिर गया:
एसपी निकिता खट्टर के दिशा-निर्देशों पर नशे के सौदागरों के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत सीआईए प्रभारी एसआई प्रदीप की टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान एएसआई राजेश कुमार की टीम को पक्की मुखबिरी मिली कि अमरजीत उर्फ भगत निवासी गांव पालसर भारी मात्रा में नशा और हथियार लेकर लाली रोड की तरफ निकलने वाला है। पुलिस ने बिना देर किए नहर के पास ऐसा जाल बिछाया कि आरोपी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
:तलाशी ली तो पुलिस भी रह गई दंग:
जब पुलिस ने संदिग्ध हालत में पकड़े गए अमरजीत के कट्टे की तलाशी ली, तो उसमें से 25 किलो 940 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इतना ही नहीं, सुरक्षा के नाम पर रौब जमाने के लिए उसने एक अवैध टोपीदार मजल लोडेड बंदूक भी साथ रखी हुई थी, जिसका उसके पास कोई लाइसेंस नहीं था।
:डीएसपी ने चेताया—’नशा सौदागरों की खैर नहीं’::
मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी कुलवंत सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ शब्दों में कहा कि जिले में नशा और अवैध हथियार सप्लाई करने वालों की जड़ें खोद दी जाएंगी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शहर रतिया में एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस रिमांड के दौरान यह उगलवाने में जुटी है कि 14 लाख के इस गांजे का असली खरीदार कौन था और यह अवैध बंदूक कहां से लाई गई थी।
‘भगत’ का निकला नशे का धंधा! कट्टे में भरा था 26 किलो गांजा, पुलिस ने दबोचा तो सारा रौब पलभर में हवा, अवैध बंदूक भी हुई बरामद






