Saturday, October 3, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

Related Posts

ऊपर रुई, नीचे 800 पेटी दारू! फतेहाबाद सीआईए ने हाईवे पर फेल किया तस्करों का ‘गुजरात-पंजाब कनेक्शन

फतेहाबाद। तस्करों ने पंजाब से शराब उठाई, गुजरात नंबर का ट्रक चुना और रास्ते में पुलिस को चकमा देने के लिए ऊपर रुई की भारी-भरकम गांठें लाद दीं। उन्हें लगा कि हरियाणा की सरजमीं से यह ‘नशे का जखीरा’ बिना किसी खटके के गुजर जाएगा, लेकिन सीआईए फतेहाबाद की मुस्तैदी ने हाईवे पर ही तस्करों के इस हाई-प्रोफाइल ‘गुजरात-पंजाब कनेक्शन’ का पर्दाफाश कर दिया। ढाबे के सामने खड़े ट्रक की तलाशी लेते ही जब रुई के नीचे से 800 पेटी अंग्रेजी शराब निकली, तो देखने वालों की आंखें फटी की फटी रह गईं।
:ढाबे के पास गुजरात नंबर का ट्रक देख ठनका माथा:
मामला नेशनल हाईवे-9 पर बड़ोपल इलाके का है। सीआईए फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार अपनी टीम के साथ अपराध रोकथाम और अवैध शराब की रोकथाम के सिलसिले में धारणिया टी-प्वाइंट पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर ने पुख्ता सूचना दी कि बड़ोपल पुल से गांव बड़ोपल की तरफ ‘जय श्री राम गौड़ वैष्णु भोजनालय’ के सामने गुजरात नंबर का एक टाटा एलपीटी ट्रक (GJ-08Y-8184) काफी समय से संदिग्‍ध हालत में खड़ा है। देखने में तो लगता है कि गाड़ी में रुई लदी है, लेकिन अंदर पंजाब मार्का अंग्रेजी शराब का बड़ा भंडार छुपा हुआ है।
:तिरपाल हटाते ही खुला ‘शराब का तहखाना’:
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर धावा बोल दिया। हरे रंग के तिरपाल से ढका ट्रक तो मिल गया, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही चालक पहले ही मौके से भाग निकला। आसपास पूछताछ के बाद जब पुलिस ने नियमानुसार ट्रक की तलाशी ली, तो शातिर तस्करों की चालाकी सामने आ गई। ऊपर से रुई की गांठों का ऐसा घेरा बनाया गया था कि सामान्य नजर में किसी को शक न हो। जवानों ने जैसे ही रुई की गांठों को एक-एक कर हटाया, नीचे अंग्रेजी शराब की पेटियों का पूरा अंबार नजर आने लगा। गिनती करने पर ट्रक से कुल 800 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। सभी बोतलों पर साफ अक्षरों में दर्ज था—“FOR SALE IN PUNJAB ONLY”।
:सिंडिकेट की कड़ियां खंगालने में जुटी पुलिस:
सीआईए टीम ने शराब की पूरी खेप और ट्रक को तुरंत जब्त कर लिया। इस मामले में थाना सदर फतेहाबाद में आबकारी अधिनियम की धारा 61-4-20 के तहत केस दर्ज किया गया है। अब पुलिस इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के असली सिंडिकेट को बेनकाब करने में जुट गई है। पुलिस की जांच इस बात पर टिकी है कि शराब पंजाब के किस ठेके या गोदाम से लोड हुई, गुजरात नंबर का ट्रक किसने मुहैया कराया और इसे आगे किस राज्य या जिले में खपाया जाना था। फिलहाल फरार चालक और तस्करी के मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles