फतेहाबाद। जिला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार की कमर तोड़ने के लिए एक बड़ा अभियान छेड़ दिया है। एसपी सिद्धांत जैन के मार्गदर्शन में पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीमों ने जिले भर में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान जहाँ 21 मेडिकल स्टोरों के रिकॉर्ड खंगाले गए, वहीं गुरुनानकपुरा मोहल्ले में बिना अनुमति चल रहे एक हेल्थ सेंटर को मौके पर ही सील कर दिया गया।ड्रग इंस्पेक्टरों की अलग-अलग टीमों ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में चिन्हित स्थानों पर अचानक पहुंचकर निरीक्षण शुरू किया।
आवासीय परिसर में चल रहा हेल्थ सेंटर सील
छापेमारी के दौरान टीम फतेहाबाद के गुरुनानकपुरा मोहल्ले में सीनियर मॉडल स्कूल के समीप स्थित ‘श्री राम हेल्थ सेंटर’ पहुंची। जांच में पाया गया कि यह सेंटर बिना किसी आवश्यक अनुमति के आवासीय परिसर में संचालित किया जा रहा था। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए क्लीनिक को सील कर दिया। क्लीनिक संचालक की पहचान राकेश, निवासी गुरुनानकपुरा के रूप में हुई है। प्रशासन अब इस मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में ला रहा है।
कन्फेक्शनरी और खोखों पर भी पुलिस की पैनी नजर
युवाओं को नशे की गिरफ्त में लेने वाले संदिग्ध तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने 14 कन्फेक्शनरी दुकानों और खोखों की भी सघन तलाशी ली। पुलिस को अंदेशा था कि इन स्थानों की आड़ में प्रतिबंधित सामग्री बेची जा सकती है। सभी दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जनता से सहयोग की अपील: एसपी
एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि नशे के विरुद्ध यह संयुक्त अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा: समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए जनता का सहयोग अनिवार्य है। यदि कहीं भी नशीली दवाओं की अवैध बिक्री या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।”






