फतेहाबाद।फतेहाबाद पुलिस में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने और कर्मचारियों का हौसला बुलंद करने के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) निकिता खट्टर (आईपीएस) ने एक बेहतरीन पहल की है। शुक्रवार को एसपी कार्यालय में आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और जनसेवा में उल्लेखनीय व सराहनीय कार्य करने वाले विभिन्न शाखाओं के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
इस सम्मान समारोह में उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार (प्रभारी, सीआईए रतिया), उपनिरीक्षक रामपाल, सहायक उपनिरीक्षक अजीत, महिला सहायक उपनिरीक्षक सुमन, मुख्य सिपाही सुन्दर, मुख्य सिपाही कविता, सिपाही विजय, एसपीओ गुरप्यार, एसपीओ बलजीत सिंह, एसपीओ रोहताश कुमार तथा होमगार्ड मनजीत सिंह को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने कहा कि पुलिस कर्मचारी बेहद विषम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी दिन-रात आमजन की सुरक्षा के लिए पूर्ण निष्ठा, समर्पण और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करते हैं। ऐसे कर्मठ एवं ईमानदार कर्मचारियों को सम्मानित करना केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धियों का सम्मान नहीं है, बल्कि यह पूरे पुलिस बल के लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत है।
एसपी ने आगे कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी की कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की भावना ही विभाग की वास्तविक ताकत है। फतेहाबाद पुलिस अपने कर्मचारियों के कल्याण, मानसिक उत्साह और सकारात्मक कार्य वातावरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। समय-समय पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे जनसेवा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता को अपनी कार्यशैली का आधार बनाकर पुलिस की सकारात्मक एवं जनविश्वास से जुड़ी छवि को और अधिक मजबूत करें। जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है और इसे बनाए रखना हर पुलिसकर्मी का दायित्व है। वहीं, सम्मानित कर्मचारियों ने एसपी का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।






