फतेहाबाद:नशे के सौदागरों के खिलाफ फतेहाबाद पुलिस की ‘एंटी नारकोटिक्स सेल’ (ANC) ने एक बार फिर ऐसा जाल बिछाया कि तस्करों को भागने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस ने भूना इलाके में एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए हेरोइन तस्करी के बड़े नेटवर्क को तार-तार कर दिया है। इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने 21.45 ग्राम हेरोइन बरामद की है। खास बात यह है कि पुलिस ने सिर्फ नशा ही नहीं पकड़ा, बल्कि तस्करी में इस्तेमाल हो रही कार और इस पूरे रैकेट के पीछे बैठे मुख्य सप्लायर सहित तीन आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
:मुखबिर की ‘पक्की खबर’ और घर के बाहर तगड़ी नाकेबंदी:
एएनसी सेल के प्रभारी निरीक्षक साधु राम ने बताया कि उनकी टीम नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए भूना क्षेत्र में गश्त पर मुस्तैद थी। इसी दौरान पुलिस को खुफिया जानकारी मिली कि भूना निवासी भीम और प्रिंस एक कार में हेरोइन की बड़ी खेप लेकर उसे ठिकाने लगाने के लिए आने वाले हैं।
खबर मिलते ही पुलिस ने फुर्ती दिखाई और भीम के मकान के पास रणनीतिक रूप से नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर बाद जैसे ही संदिग्ध कार वहाँ पहुँची, पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। गाड़ी में सवार दोनों आरोपियों को काबू कर जब नियमानुसार तलाशी ली गई, तो भीम के कब्जे से 21.45 ग्राम शुद्ध हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत हेरोइन और तस्करी में इस्तेमाल हो रही कार को ज़ब्त कर लिया
:टोहाना कनेक्शन’ का भंडाफोड़, कार देने वाला मास्टरमाइंड भी काबू::
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने तस्करों से सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने कई चौंकाने वाले राज उगले। आरोपियों ने कुबूल किया कि वे यह हेरोइन टोहाना क्षेत्र से थोक के भाव खरीदकर लाते थे और यहाँ फुटकर में ऊंचे दामों पर बेचते थे।जांच में सबसे बड़ा ट्विस्ट तब आया जब यह साफ हुआ कि इस काले धंधे को अंजाम देने के लिए नाढोरी निवासी शिव सागर ने अपनी कार उपलब्ध कराई थी। वह इस नेटवर्क में मुख्य सप्लायर लिंक के तौर पर काम कर रहा था। पुलिस ने बिना देर किए दबिश देकर तीसरे आरोपी शिव सागर को भी दबोच लिया।
कड़ी धाराओं में केस दर्ज, अब कोर्ट में होगी पेशी
पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए पकड़े गए आरोपी भीम (पुत्र सुभाष, निवासी वार्ड नंबर 3, भूना), प्रिंस (पुत्र राम कुमार, निवासी भूना) और शिव सागर (पुत्र उगरसैन, निवासी नाढोरी) के खिलाफ थाना भूना में अभियोग संख्या 148 (दिनांक 25.06.2026) के तहत एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 21बी, 27ए, 29, 61 व 85 के अंतर्गत केस दर्ज कर लिया है।पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि इस नशा नेटवर्क की आखिरी कड़ी को भी तोड़ा जा सके।
टोहाना से माल, नाढोडी की कार… और भूना में ‘कॉकटेल’ तैयार! हेरोइन के बड़े नेटवर्क का फतेहाबाद पुलिस ने किया ‘द एंड’!”






