फतेहाबाद। हरियाणा में अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा और तगड़ा प्रहार किया है। सीआईए (CIA) टोहाना पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में जाल बिछाकर नेशनल हाईवे पर ‘लाखों के माल’ से लदे एक ट्रक को चारों तरफ से घेर लिया। जब पुलिस ने ट्रक का तिरपाल हटाया, तो अंदर का नजारा देखकर खुद अधिकारी भी दंग रह गए। ट्रक के भीतर ठूस-ठूस कर भरी गईं 621 पेटियाँ अवैध शराब बरामद की गई हैं। पुलिस ने मौके से ही एक शातिर तस्कर को धर दबोचा है।
:गुप्त सूचना पर ‘सुपरफास्ट’ एक्शन, भुना पुल पर बिछाया जाल:
इस सनसनीखेज कामयाबी के पीछे पुलिस का सटीक खुफिया तंत्र रहा। सीआईए टोहाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप को पुख्ता खबर मिली थी कि ट्रक नंबर HR-47E-4617 में शराब का एक बहुत बड़ा जखीरा भरकर नेशनल हाईवे के रास्ते भुना पुल से गुजरने वाला है।खबर मिलते ही पुलिस ने बिना एक पल गंवाए रणनीतिक चक्रव्यूह (नाकाबंदी) तैयार किया। जैसे ही संदिग्ध ट्रक भुना पुल के पास पहुंचा, अलर्ट पुलिस टीम ने उसे चारों तरफ से घेरकर ब्रेक लगाने पर मजबूर कर दिया।
::पंजाब से गुजरात का था ‘सीक्रेट प्लान’::
पुलिस की गिरफ्त में आए तस्कर की पहचान सिरसा जिले के गांव चाहरवाला निवासी नरेश (पुत्र दलीप) के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में जो खुलासा हुआ है, उसने पुलिस के भी कान खड़े कर दिए हैं। शराब की यह भारी-भरकम खेप पंजाब से लोड होकर सीधे ‘ड्राई स्टेट’ गुजरात भेजी जा रही थी, जहाँ शराब पर पूरी तरह पाबंदी है।
::क्या बड़े मगरमच्छों का है हाथ?::
पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि पंजाब में इस अवैध धंधे का आका कौन है और गुजरात में यह माल किसे डिलीवर होना था। पुलिस का मानना है कि नरेश तो सिर्फ एक मोहरा है, असली ‘किंगपिन’ कोई और है।
::फतेहाबाद पुलिस की दोटूक: बख्शे नहीं जाएंगे अपराधी::
फतेहाबाद पुलिस ने इस कामयाबी के बाद साफ कर दिया है कि जिले में अवैध शराब, ड्रग्स और संगठित अपराध चलाने वालों के दिन अब गिनती के बचे हैं। पुलिस कप्तान के निर्देश पर तस्करों के पूरे नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। आरोपी नरेश से सीक्रेट लोकेशन पर पूछताछ जारी है, जिससे कई और बड़े चेहरों से नकाब उठने की उम्मीद है।






