फतेहाबाद: कानून के हाथ लंबे होते हैं, यह कहावत फतेहाबाद के एक पीओ हुए आरोपी पर बिल्कुल सटीक बैठी है। कोर्ट की तारीखों से कन्नी काटकर खुद को ‘शातिर’ समझने वाला आरोपी मांगेराम आखिरकार पुलिस के चक्रव्यूह में फंस ही गया। पिछले काफी समय से फरार चल रहे इस पीओ (Proclaimed Offender) को लगा था कि वह पुलिस की नजरों से बच जाएगा, लेकिन एसपी सिद्धांत जैन के ‘स्पेशल धरपकड़ अभियान’ ने उसकी सारी प्लानिंग पर पानी फेर दिया। गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस ने ऐसी घेराबंदी की कि आरोपी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।”
लंबे समय से था फरार
थाना सदर फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की पहचान मांगे राम पुत्र सीता राम (निवासी बोदीवाली) के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2022 में थाना सदर फतेहाबाद में अभियोग संख्या 347/2022, धारा 174-A IPC के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी लगातार अदालती कार्रवाई से बच रहा था और पेशी पर उपस्थित नहीं हो रहा था, जिसके चलते माननीय न्यायालय ने उसे ‘घोषित अपराधी’ (PO) करार दिया था।
गुप्त सूचना पर बिछाया जाल
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयासरत थी। इसी कड़ी में पुलिस को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की और मंगेराम को सफलतापूर्वक काबू कर लिया।






