Tuesday, October 20, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

Related Posts

किसानों की नींद उड़ाने वाला चोर काबू: चार खेतों से उड़ाई थी बिजली की तारें, सदर थाना रतिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रतिया (फतेहाबाद): थाना सदर रतिया पुलिस ने क्षेत्र के खेतों में ट्यूबवेल की कीमती केबल चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
::एक ही रात में चार खेतों को बनाया निशाना::
थाना सदर रतिया प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद ने बताया कि इस मामले की शुरुआत गांव चंदो खुर्द निवासी रामकिशन पुत्र आईदान सिंह की शिकायत से हुई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, 20 जनवरी 2025 की रात अज्ञात चोरों ने उसके खेत में लगे ट्यूबवेल से लगभग 100 फुट बिजली की तार चोरी कर ली थी।
जांच के दौरान पता चला कि चोरों ने केवल रामकिशन ही नहीं, बल्कि पड़ोस के अन्य किसानों को भी निशाना बनाया था। चोरों ने लाभ सिंह के खेत से 80 फुट, प्रमोद कुमार के खेत से 60 फुट और रामू राम के खेत से 40 फुट केबल पर हाथ साफ किया था।
::पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी::
किसानों की शिकायत के आधार पर थाना सदर रतिया में अभियोग संख्या 08, दिनांक 24.01.2025 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी गुरप्रीत पुत्र सत्तू राम (निवासी हरौली) को काबू किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने केबल चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि चोरी की गई संपत्ति की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles