फतेहाबाद। हिसार रेंज के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) कृष्ण कुमार राव (IPS) ने शुक्रवार को फतेहाबाद पुलिस लाइन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस मालखाने का विस्तृत निरीक्षण करते हुए विशेष रूप से एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत जब्त की गई करोड़ों की केस प्रॉपर्टी और नशीले पदार्थों के रख-रखाव की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जितनी जरूरी है, कोर्ट में सबूत के तौर पर पेश होने वाली केस प्रॉपर्टी का सुरक्षित प्रबंधन भी उतना ही अनिवार्य है।
केस प्रॉपर्टी के प्रबंधन पर जोर:
निरीक्षण के दौरान एडीजीपी ने मालखाना प्रबंधन प्रणाली को बारीकी से देखा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जब्त की गई सामग्री का रिकॉर्ड सटीक और पारदर्शी होना चाहिए। उन्होंने वैज्ञानिक संरक्षण (Scientific Preservation) और सटीक अभिलेख संधारण पर बल दिया ताकि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान किसी भी तकनीकी खामी का सामना न करना पड़े। एडीजीपी ने केस प्रॉपर्टी के समयबद्ध निस्तारण के लिए भी रूपरेखा तैयार करने को कहा।
अपराध समीक्षा बैठक: अपराधियों पर नकेल कसने की रणनीति
निरीक्षण के बाद एडीजीपी ने पुलिस लाइन सभागार में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, पेंडिंग केसों के निपटारे और संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने की रणनीति पर मंथन हुआ। उन्होंने निर्देश दिए कि:
:नशा तस्करी और संगठित अपराधियों के विरुद्ध परिणाममुखी कार्रवाई की जाए।
:आमजन के साथ संवाद बढ़ाकर संवेदनशील पुलिसिंग को बढ़ावा दें।
: कार्यप्रणाली में पूरी तरह से पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो।
एसपी ने दी अभियानों की रिपोर्ट::
एसपी सिद्धांत जैन ने एडीजीपी को जिले में चलाए जा रहे विशेष नशा विरोधी अभियानों और अपराध नियंत्रण की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाएगा और फतेहाबाद पुलिस कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।






