
“
फतेहाबाद। भारतीय जनता पार्टी के नेता भवानी सिंह ने फतेहाबाद में नशे के कारोबार को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सीधे तौर पर गुरुनानकपुरा पुलिस चौकी के मुलाजिमों पर नशे के सौदागरों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया है। मीडिया से बातचीत करते हुए भवानी सिंह ने कहा कि फतेहाबाद का गुरुनानकपुरा मोहल्ला नशे का गढ़ बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि यहाँ कुछ महिलाएं सरेआम नशा बेच रही हैं, जिनके तार लुधियाना, फिरोजपुर और हिसार के पीरांवाली गांव के बड़े तस्करों से जुड़े हुए हैं।
”अगर गुरुनानकपुरा चौकी के पुलिसकर्मी ईमानदारी से केवल एक गली की भी सही ढंग से निगरानी कर लें, तो पूरे जिले से नशा खत्म हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि गुरुनानकपुरा चौकी के पुलिस कर्मियों की मिलीभगत के कारण ही गुरुनानकपुरा इलाके में नशा तस्कर बेच रहे है। महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट के बैनर तले नशा विरोधी मुहिम चला रहे भवानी सिंह ने घोषणा की है कि 10 जनवरी को गुरुनानकपुरा मोहल्ले में एक विशाल नशा विरोधी यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मुहिम के कारण उन्हें लगातार धमकियां भी मिल रही हैं, लेकिन वे पीछे नहीं हटेंगे। भवानी सिंह ने स्पष्ट किया कि फतेहाबाद और रतिया क्षेत्र को नशा मुक्त करने के लिए उनकी यह लड़ाई जारी रहेगी। अब देखना यह है कि बीजेपी नेता के इन गंभीर आरोपों के बाद पुलिस प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।






