फतेहाबाद | हरियाणा रोडवेज के ड्राइवरों द्वारा सर्विस लेन से बचने और समय बचाने की होड़ अब यात्रियों की सुरक्षा पर भारी पड़ने लगी है। जिले के गांव बड़ोपल में शुक्रवार शाम को उस वक्त भारी हंगामा हो गया, जब हिसार डिपो की बस के चालक ने सवारियों को गांव के बस अड्डे पर उतारने के बजाय नेशनल हाईवे के ओवरब्रिज पर उतार दिया। मामला 2 जनवरी की शाम का है। हिसार से सिरसा जा रही बस में करीब 10 सवारियां बड़ोपल गांव की थीं। नियमानुसार ड्राइवर को बस नीचे सर्विस रोड से होकर बस अड्डे पर ले जानी थी, लेकिन ड्राइवर ने बस को सीधे ओवरब्रिज पर चढ़ा दिया और पुल के ऊपर ही सवारियों को उतरने को कह दिया। अंधेरे और इससे यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा।
तीसरी बार का विवाद: “क्या हमारी टिकट की कोई कीमत नहीं?”
यह पहली बार नहीं है जब बड़ोपल में ऐसा हुआ है; ग्रामीण पहले भी दो बार इसी बात को लेकर विरोध जता चुके हैं। यात्रियों ने ड्राइवर को खरी-खोटी सुनाते हुए कहा— “जब बड़ोपल बस अड्डे की टिकट ली है, तो पुल पर क्यों उतरें? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो’
सड़क पर हुई इस बहस का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि यात्री अपनी जायज मांग को लेकर अड़े हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बस चालक अक्सर पुल के ऊपर से निकल जाते हैं, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भारी सामान लेकर आधा किलोमीटर पैदल चलकर गांव तक जाना पड़ता है।







