रतिया : इलाके में रंगबाजी झाड़कर खौफ पैदा करने का सपना देखने वाले चार खुराफातियों को रतिया पुलिस ने ऐसा सबक सिखाया है कि उनकी सारी हेकड़ी धरी की धरी रह गई। शहर में दहशत फैलाने की फिराक में घूम रहे इन चारों नटवरलालों को थाना शहर पुलिस ने फिल्मी अंदाज में दबोच कर हवालात की हवा खिला दी है। पुलिस का सीधा संदेश है—रतिया में गुंडागर्दी का ‘शो’ नहीं चलेगा, कानून हाथ में लोगे तो सलाखों के पीछे ही सुबह होगी।
थाना शहर रतिया प्रभारी सब-इंस्पेक्टर प्रवीन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूचना मिलते ही बिजली की फुर्ती से एक्शन लिया। आरोपियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और पुलिस ने चारों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों को अब अदालत में पेश करने की तैयारी है। थाना प्रभारी प्रवीन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन मोड में आ गई थी। तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को काबू कर लिया गया है। फिलहाल थाने में इनसे खाकी के अंदाज में पूछताछ चल रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस खेल के पीछे कोई और मास्टरमाइंड तो नहीं बैठा है। जांच में जो भी नाम सामने आएगा, उस पर भी शिकंजा कसा जाएगा। एसपी निकिता खट्टर ने दो टूक शब्दों में चेतावनी जारी की है कि जिले की शांति से खिलवाड़ करने वाले किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे। दहशत फैलाना तो दूर, अगर किसी ने कानून व्यवस्था बिगाड़ने की सोची भी, तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे। आमजन की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।
रील में ‘दबंग’, पुलिस के सामने ‘भीगी बिल्ली’: रतिया में गाड़ी तोड़ गुंडागर्दी दिखाने वाले 4 बदमाश चंद घंटों में नपे!





